IOCL की पाइपलाइन में छेद कर तेल चोरी का खेल! 36 टैंकर क्रूड ऑयल चट करने वाला ‘मोदी’ SOG के शिकंजे में

नासून में जमीन के नीचे बिछी पाइपलाइन पर लगाया अवैध वाल्व, कनेक्शन जोड़कर करीब 8 लाख लीटर क्रूड ऑयल चोरी; कीमत करीब 4.48 करोड़ रुपए

जयपुर/ब्यावर। जमीन के नीचे बिछी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL) की पाइपलाइन को ही चोरों ने कमाई का रास्ता बना लिया। ब्यावर जिले के नासून इलाके में पाइपलाइन में छेद कर अवैध वाल्व लगाया गया और उसके जरिए करोड़ों रुपए का क्रूड ऑयल चोरी कर लिया गया। SOG की जांच में सामने आए इस चौंकाने वाले मामले में पुलिस ने गुजरात निवासी 56 वर्षीय जयेश भाई उर्फ मोदी उर्फ राजू को गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ में क्रूड ऑयल चोरी के पूरे नेटवर्क से जुड़े कई अहम राज खुलने की उम्मीद है।


मामला मार्च-अप्रैल 2025 का है। ग्राम नासून, तहसील मसूदा, जिला ब्यावर में चरागाह भूमि से होकर गुजर रही IOCL की भूमिगत सलाया-मथुरा पाइपलाइन (SMPL-24) को निशाना बनाया गया था। आरोपियों ने पाइपलाइन में छेद कर उस पर अवैध वाल्व फिट कर दिया। इसके बाद पाइपलाइन से कनेक्शन लेकर क्रूड ऑयल निकालने का खेल शुरू हुआ।


पाइपलाइन से निकलता रहा करोड़ों का तेल

जांच में सामने आया कि अवैध कनेक्शन के जरिए करीब 8 लाख लीटर यानी 36 टैंकर क्रूड ऑयल चोरी किया गया। चोरी किए गए तेल की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 48 लाख रुपए बताई गई है। इस वारदात ने सुरक्षा एजेंसियों को भी चौंका दिया, क्योंकि आरोपी भूमिगत पाइपलाइन को निशाना बनाकर लंबे समय तक तेल चोरी का खेल खेलते रहे।
IOCL के सहायक प्रबंधक संजय कुमार सेन की रिपोर्ट पर SOG थाना राजस्थान, जयपुर में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए SOG की टीम तत्काल सक्रिय हुई। घटनास्थल से FSL टीम, साइबर टीम, फुटप्रिंट और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मदद से साक्ष्य जुटाए गए।


BTS और CDR ने खोला संदिग्धों का राज

SOG की तकनीकी जांच में घटनास्थल से मिले BTS डेटा और दूरसंचार कंपनियों से प्राप्त CDR का विश्लेषण किया गया। संदिग्ध लोगों से गहन पूछताछ की गई। तकनीकी साक्ष्यों और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों को जोड़ते हुए पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
जांच में संलिप्तता सामने आने पर SOG ने जयेश भाई उर्फ मोदी उर्फ राजू, पुत्र कुशल भाई मकवाना, जाति बुनकर, उम्र 56 वर्ष, निवासी अंबाजी पोल, रानीली, थाना जवाहर नगर, जिला वडोदरा, गुजरात को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे सात दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। SOG टीम आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।


11 आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
SOG
के मुताबिक इस मामले में अब तक कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा अन्य वांछित और संदिग्ध आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि करोड़ों रुपए के क्रूड ऑयल की चोरी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे और चोरी किए गए तेल को कहां और किस नेटवर्क के जरिए खपाया गया।
इस कार्रवाई में SOG के उप महानिरीक्षक भवन भूषण यादव के सुपरविजन तथा पुलिस अधीक्षक कुन्दन कंवरिया के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। अब पुलिस रिमांड के दौरान यह पता लगाने में जुटी है कि भूमिगत पाइपलाइन में अवैध वाल्व लगाने से लेकर तेल निकालने और उसे आगे पहुंचाने तक इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment