जयपुर में ब्लैकमेलिंग का खौफनाक अंत: पड़ोसी पति-पत्नी की धमकियों से तंग आकर युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

पत्नी का सनसनीखेज आरोप—पड़ोसी पति-पत्नी लाखों रुपये और जेवर मांगकर दे रहे थे धमकी, चाकू लेकर घर पहुंचा था आरोपी; सुबह रेलवे ट्रैक पर मिली राजेंद्र की लाश

जयपुर। शिप्रा पथ थाना इलाके में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने सनसनी फैला दी। फन किंगडम के पास रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिलने के बाद पूरे मामले की परतें खुलनी शुरू हुईं। मृतक की पहचान राजेंद्र चौधरी के रूप में हुई है। मृतक की पत्नी लक्ष्मी देवी ने पड़ोस में रहने वाले पति-पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कराया है।

दर्ज करवाई गई FIR में लक्ष्मी देवी के मुताबिक, उसके पति राजेंद्र को पड़ोसी मुन्ना और उसकी पत्नी कथित तौर पर ब्लैकमेल कर रहे थे। आरोप है कि दोनों लगातार लाखों रुपये और जेवरात की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं करने पर राजेंद्र को जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही थीं। पत्नी का दावा है कि ब्लैकमेलिंग के दबाव के कारण राजेंद्र मानसिक रूप से बेहद परेशान था।

मामला उस समय और गंभीर हो गया, जब लक्ष्मी देवी के अनुसार राजेंद्र घर से निकलते समय अपने साथ 8 लाखों रुपये और जेवरात लेकर गया था। इसके कुछ समय बाद पड़ोसी मुन्ना कथित तौर पर उनके घर पहुंचा। पत्नी का आरोप है कि मुन्ना के हाथ में धारदार चाकू था और वह राजेंद्र को जान से मारने की नीयत से आया था। इस घटनाक्रम ने परिवार की आशंकाओं को और गहरा कर दिया।

लेकिन सुबह जब रेलवे ट्रैक पर राजेंद्र का शव मिला तो परिवार में कोहराम मच गया। जिस युवक के घर से निकलते समय परिवार को यह अंदाजा नहीं था कि वह वापस नहीं लौटेगा, उसकी लाश रेलवे ट्रैक पर मिलने से पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया।

राजेंद्र की पत्नी लक्ष्मी देवी ने शिप्रा पथ थाने पहुंचकर मुन्ना और उसकी पत्नी के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में बीएनएस की धारा 308 के तहत मामला दर्ज किया है। अब पुलिस ब्लैकमेलिंग, रुपये-जेवरात की मांग, कथित धमकी और चाकू लेकर घर पहुंचने के आरोपों की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि राजेंद्र घर से कितनी रकम और जेवर लेकर निकला था, वह रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत से पहले उसके साथ क्या-क्या घटनाक्रम हुआ। इंस्पेक्टर संदीप बसेरा मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस जांच के बाद ही साफ होगा कि राजेंद्र ने किन परिस्थितियों में यह खौफनाक कदम उठाया और इस मौत के पीछे ब्लैकमेलिंग का आरोप कितना सच है।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment