जयपुर: राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा आयोजित बहुप्रतीक्षित सीनियर टीचर भर्ती परीक्षा कल से शुरू होने जा रही है। 9,651 पदों पर होने वाली इस बड़ी भर्ती के लिए राज्य के 27 जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस परीक्षा में 12 लाख 30 हजार से अधिक उम्मीदवार पंजीकृत हैं, जो अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। परीक्षा का आयोजन 18 जुलाई 2026 तक किया जाएगा।
परीक्षा संबंधी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश
आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा शुरू होने से 60 मिनट पहले तक ही अभ्यर्थियों को केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। समय पर पहुंचने की सलाह दी गई है ताकि सुरक्षा जांच और पहचान का कार्य सुचारू रूप से हो सके।
- पहचान पत्र: अभ्यर्थियों को रंगीन मूल पहचान-पत्र (आधार कार्ड, वोटर आईडी, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस) लाना अनिवार्य है। यदि आधार कार्ड पर फोटो पुरानी है, तो अन्य फोटो युक्त पहचान-पत्र साथ रखें।
- प्रवेश पत्र: उम्मीदवारों को प्रवेश-पत्र पर अपनी नवीनतम रंगीन फोटो चस्पा करना अनिवार्य है।
धोखाधड़ी से सावधान
आयोग ने अभ्यर्थियों को किसी भी दलाल, मीडिएटर या बिचौलिए के झांसे में न आने की सख्त हिदायत दी है। किसी भी प्रकार की रिश्वत की मांग या प्रलोभन मिलने पर तुरंत कंट्रोल रूम नंबर 0145-2635200, 2635212 एवं 2635255 पर सूचित करने को कहा गया है। नकल या अनुचित साधनों के प्रयोग पर ‘राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम, 2022’ के तहत आजीवन कारावास और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
परीक्षा कार्यक्रम (चार ग्रुपों में विभाजन)
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विषयों को चार ग्रुपों में बांटा गया है:
- ग्रुप A (सोशल साइंस): 12 जुलाई को सामान्य ज्ञान (सुबह) और सोशल साइंस (दोपहर)।
- ग्रुप B (हिंदी): 13 जुलाई को सामान्य ज्ञान (सुबह) और हिंदी (दोपहर)।
- ग्रुप C (साइंस और संस्कृत): 14 जुलाई को सामान्य ज्ञान (सुबह) व साइंस (दोपहर), और 15 जुलाई को संस्कृत।
- ग्रुप D (गणित, इंग्लिश, उर्दू, पंजाबी, सिंधी, गुजराती): 16 जुलाई को सामान्य ज्ञान (सुबह) व गणित (दोपहर)। 17 जुलाई को इंग्लिश और उर्दू, तथा 18 जुलाई को पंजाबी, सिंधी और गुजराती विषयों की परीक्षाएं होंगी।
यह भर्ती प्रक्रिया पिछले वर्ष 6,500 पदों के साथ शुरू हुई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 10,537 किया गया और अंततः 9,651 पदों पर इसे अंतिम रूप दिया गया है।
