Expose Now : RGHS में ‘गिरफ्तारी’ पर बवाल, राजस्थान में ‘हेल्थ इमरजेंसी’ के हालात !

-डॉ. सोनदेव बंसल की गिरफ्तारी को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा
-RGHS सेवाओं के पूर्ण बहिष्कार का ऐलान

जयपुर। राजस्थान की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना, RGHS (राजस्थान सरकार स्वास्थ्य योजना), पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। प्रदेश के निजी अस्पतालों के सबसे बड़े संगठन RAHA (Rajasthan Alliance of Hospital Associations) ने डॉ. सोनदेव बंसल की गिरफ्तारी को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। यह केवल एक विरोध प्रदर्शन नहीं है, बल्कि सरकार की कार्यप्रणाली पर सीधा प्रहार है।

बहिष्कार का सीधा असर:

मरीजों की बढ़ेगी मुश्किलें RAHA द्वारा जारी इस आधिकारिक पत्र के अनुसार, आज (13 अप्रैल 2026) सुबह 9:00 बजे से प्रदेश के निजी अस्पतालों में RGHS के तहत मिलने वाली सुविधाएं बंद कर दी गई हैं। डॉक्टरों ने स्पष्ट किया है कि आज से पोर्टल पर कोई भी नई TID (Transaction ID) जनरेट नहीं की जाएगी। अस्पतालों में जो मरीज पहले से भर्ती हैं, उनका इलाज तो चलेगा, लेकिन यदि उनके लिए भी नई TID की जरूरत पड़ी, तो उसे जारी नहीं किया जाएगा। यह बहिष्कार तब तक जारी रहेगा जब तक डॉ. बंसल की रिहाई नहीं होती और योजना की विसंगतियों को दूर नहीं किया जाता।

धमकी या इंसाफ की गुहार?

इस पत्र में डॉक्टरों का रुख काफी कड़ा नजर आ रहा है। इसे सरकार के लिए एक बड़ी चेतावनी माना जा रहा है क्योंकि डॉक्टरों ने साफ कहा है कि भविष्य में भी यदि किसी सरकारी योजना की गड़बड़ी के कारण किसी डॉक्टर की गिरफ्तारी होती है, तो पूरे राज्य में उपचार सेवाओं का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा। डॉक्टरों का आरोप है कि डॉ. सोनदेव बंसल की गिरफ्तारी पारदर्शी और न्यायसंगत तरीके से नहीं की गई है। IMA राजस्थान के अध्यक्ष डॉ. महेश चंद्र शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में इसे ‘एकतरफा कार्रवाई’ करार दिया गया, जिससे चिकित्सा समुदाय में भय का माहौल है।

प्रशासनिक खेमे में खलबली:-

यह पत्र सीधे RGHS के प्रोजेक्ट डायरेक्टर हरजी लाल अटल (IAS) को भेजा गया है। यह मामला अब केवल एक गिरफ्तारी का नहीं रहा, बल्कि ‘डॉक्टर बनाम सरकार’ की बड़ी लड़ाई में तब्दील हो गया है। क्या सरकार इस दबाव के आगे झुकेगी या कोई बीच का रास्ता निकलेगा?

ब्यूरो रिपोर्ट, Expose Now

Share This Article
Leave a Comment