मध्यपूर्व संकट के बीच CM भजनलाल की सर्वदलीय बैठक: “राजस्थान में पेट्रोल-गैस और खाद का पर्याप्त स्टॉक, घबराने की जरूरत नहीं”

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मध्यपूर्व एशिया क्षेत्र में उत्पन्न स्थिति से कच्चे तेल, गैस और फर्टिलाइजर की आपूर्ति के संबंध में मुख्यमंत्री कार्यालय में सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने सभी दलों के प्रतिनिधियों के साथ प्रदेश में तेल, गैस के प्रबंधन की स्थिति के बारे में चर्चा की और सामूहिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

पर्याप्त उपलब्धता, घबराने की आवश्यकता नहीं

मुख्यमंत्री शर्मा ने सभी दलों के साथ-साथ प्रदेश की जनता को आश्वस्त किया कि राजस्थान में पेट्रोल-डीजल, गैस और उर्वरकों की उपलब्धता पर्याप्त है। उन्होंने कहा, “किसी प्रकार की घबराहट की आवश्यकता नहीं है। राज्य सरकार ने सतर्कता से काम कर व्यवस्थाओं को अधिक सुदृढ़, सक्रिय और प्रभावी बनाया है।” उन्होंने राजनैतिक दलों के सुझावों का स्वागत किया और कहा कि राज्यहित में मिलकर कार्य करेंगे। सभी दलों के नेताओं ने राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की और पूरी तरह सरकार के साथ रहने का आश्वासन दिया।

Oplus_131072

राजस्थान फाउंडेशन ने प्रवासी राजस्थानियों को पहुंचाई मदद

मुख्यमंत्री ने मध्यपूर्व एशिया क्षेत्र में मौजूदा हालातों को लेकर राजस्थान फाउंडेशन के 26 चैप्टर्स और देश-विदेश के 60 प्रवासी राजस्थानी एसोसिएशन्स के साथ वीसी के माध्यम से संवाद किया। उन्होंने कहा कि रियाद, कुवैत, बहरीन और दुबई जैसे देशों में फाउंडेशन के चैप्टर्स ने प्रवासी राजस्थानियों के सुरक्षित आवास, खाने और वतन वापसी का सराहनीय कार्य किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार और राजस्थान फाउंडेशन आगे भी हरसंभव मदद के लिए तैयार है।

प्रभावी निगरानी और हेल्पलाइन

शर्मा ने बताया कि तेल, गैस और अन्य आवश्यक वस्तुओं की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने स्वयं समय-समय पर जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठकें की हैं। प्रभावी निगरानी और सतर्कता के लिए राज्य स्तर पर एक उच्च स्तरीय समिति गठित की गई है। वहीं, जिला स्तर पर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, डीएसओ और तेल कंपनियों के नोडल अधिकारियों की टीमें भी गठित की गई हैं। समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 181, 112 और 14435 हेल्पलाइन नंबर 24 घंटे संचालित किए जा रहे हैं。

सुरक्षित पीएनजी नेटवर्क और कालाबाजारी के विरूद्ध कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने सिटी गैस वितरण कंपनियों को घरेलू पाइप्ड नैचुरल गैस (PNG) कनेक्शन देने में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने हॉस्पिटल्स, होटल्स और रेस्टोरेंट्स को नैचुरल गैस अपनाने के लिए प्रेरित करने और सुरक्षित पीएनजी का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को यूरिया और डीएपी की पूर्ति के लिए केंद्र और राज्य सरकार तालमेल के साथ काम कर रही हैं। साथ ही, उन्होंने आमजन से एलपीजी के अवैध भंडारण एवं कालाबाजारी के विरूद्ध कार्रवाइयों में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की。

Oplus_131072

घरेलू LPG के लिए OTP और पासबुक एंट्री अनिवार्य

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने बताया कि घरेलू LPG की डिलीवरी के लिए OTP अनिवार्य कर दिया गया है। इसी प्रकार, डिलीवरी बॉय द्वारा ग्राहक की पासबुक में एंट्री करना अब अनिवार्य है।

इस सर्वदलीय बैठक में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, भाजपा विधायक श्रीचंद कृपलानी, कांग्रेस विधायक राजेन्द्र पारीक और रामकेश, बसपा विधायक मनोज कुमार, राष्ट्रीय लोकदल से विधायक डॉ. सुभाष गर्ग और निर्दलीय विधायक अशोक कुमार कोठारी उपस्थित रहे। संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल, सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग और भारत आदिवासी पार्टी के विधायक थावर चन्द वीसी के माध्यम से जुड़े। बैठक में मुख्य सचिव वी श्रीनिवास ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से प्रदेश में गैस एवं तेल आपूर्ति की जानकारी साझा की।

राजस्थान फाउंडेशन के चैप्टर्स का आभार

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने जिस उद्देश्य से राजस्थान फाउंडेशन के चैप्टर्स का विस्तार किया था, वह अब सफलतापूर्वक साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि न्यूयॉर्क, लंदन, सिंगापुर, दिल्ली, बेंगलुरू और गुहावाटी में संचालित चैप्टर्स के द्वारा महिला विंग शुरू करने की पहल अनुकरणीय है। दुबई, रियाद, सऊदी अरब सहित अन्य Chapters के अध्यक्षों ने प्रवासी राजस्थानियों को पहुंचाई गई मदद की विस्तृत जानकारी दी और राज्य सरकार और फाउंडेशन की ओर से मिल रही मदद के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

Share This Article
Leave a Comment