करौली: रफ्तार का कहर, ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवारों को रौंदा; पिता, पुत्र और दामाद की मौत

करौली। राजस्थान के करौली जिले के हिण्डौन सदर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार पिता-पुत्र और दामाद की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में एक नाबालिग बालक गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है।

ढाबे से लौटते समय हुआ हादसा

हिण्डौन सदर थाना पुलिस के अनुसार, अलीपुरा निवासी 50 वर्षीय यशवेंद्र जाटव, उनका 13 वर्षीय बेटा गौरव, दामाद धर्मेंद्र (25 वर्ष) और भतीजा मुनीम जाटव रविवार रात पनबेड़ा गांव स्थित एक ढाबे से खाना खाकर बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। गढी पनमेडा श्मशान घाट के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।

मौके से फरार हुआ चालक

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार चारों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही हिण्डौन सदर थाना प्रभारी पुरुषोत्तम लाल चौधरी और डीएसपी मुनेश कुमार मीणा मौके पर पहुंचे और सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने यशवेंद्र, गौरव और धर्मेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल मुनीम का उपचार जारी है।

गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार

पुलिस ने सोमवार को मेडिकल टीम से तीनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। यशवेंद्र और उनका दामाद धर्मेंद्र मजदूरी कर परिवार पालते थे। हृदयविदारक बात यह है कि धर्मेंद्र की शादी यशवेंद्र की बेटी रचना से अभी पिछले साल ही 29 अप्रैल 2025 को हुई थी। एक साथ तीन मौतों से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

हादसे की मुख्य वजहें

पुलिस जांच में सामने आया है कि सड़क हादसे के समय बाइक पर क्षमता से अधिक (चार लोग) सवारी बैठी थी और किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Share This Article
Leave a Comment