मालिक का 8 साल का अंधा भरोसा और एक ‘उपन्यास’… जयपुर के नामी डॉक्टर के घर ऐसे रची गई 50 लाख की खौफनाक साजिश!

By Admin

राजधानी के सांगानेर सदर थाना इलाके में पुलिस ने एक नामी चिकित्सक के घर हुई हाई-प्रोफाइल चोरी का सनसनीखेज खुलासा किया है। जवाहर सर्किल स्थित इंटरनल हॉस्पिटल के मालिक डॉ. प्रभाकर शेट्टी के आवास पर काम करने वाले नौकरों ने ही इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी नौकर सुमित खेतान और नौकरानी सीमा को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 34 लाख रुपए की नकदी बरामद कर ली है, जबकि कुल चोरी 50 लाख रुपए की बताई जा रही है।

डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया कि

सुरक्षा के लिहाज से मालकिन ने बड़ी रकम को बर्तनों के रेक के पीछे छिपा दिया था। यह तरकीब उन्होंने एक उपन्यास में पढ़ी थी कि पुराने जमाने के अनुसार रसोई में पैसे सुरक्षित रहते हैं। घर में झाड़ू-पोछा करने वाली सीमा की नजर नोटों से भरे इस बैग पर पड़ गई। इसके बाद उसने बाहर का कामकाज देखने वाले सुमित के साथ मिलकर इसे चुराने की योजना बनाई। दोनों पिछले 8 साल से इस घर में काम कर रहे थे और परिवार का पूरा भरोसा जीत चुके थे।

घटना को बाहरी चोरी का रूप देने के लिए दोनों ने बेहद शातिराना कदम उठाए। आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए घर के पालतू कुत्ते को मार डाला, ताकि उनके रास्ते की सबसे बड़ी बाधा हट जाए। कुत्ते की मौत पानी पीने के तुरंत बाद हो गई थी। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों के तार अंदर से निकाल दिए गए और खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए गए। जांच में सामने आया कि लगातार तीन बार नाकाम होने के बाद चौथी कोशिश में वे सफल रहे। चोरी के बाद किसी को शक न हो, इसलिए वे घर में बिल्कुल सामान्य रूप से अपना काम करते रहे। हालांकि डॉग की मौत को लेकर पुलिस पड़ताल जारी है।

लूटी गई रकम को दोनों ने आपस में आधा-आधा बांट लिया और उससे अपना कर्ज और लोन चुकाना शुरू कर दिया। 26 मार्च को सांगानेर सदर थाने में डॉक्टर शेट्टी ने शिकायत दर्ज करवाई। जब पुलिस ने देखा कि कुत्ते की मौत तुरंत हुई है और सीसीटीवी के तार घर के अंदर से ही निकाले गए हैं, तो शक सीधा घर के अंदर रहने वालों पर गया। सब इंस्पेक्टर राधेश्याम ने तकनीकी साक्ष्यों और कड़ाई से पूछताछ के आधार पर दोनों का जुर्म साबित कर दिया। फिलहाल पुलिस बाकी रकम की बरामदगी के प्रयास कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment