GT vs DC: आखिरी गेंद का हाई-वोल्टेज ड्रामा! मिलर की एक गलती और गिल की चालाकी, दिल्ली की दहलीज से छीनी जीत

अरुण जेटली स्टेडियम में बुधवार, 8 अप्रैल को आईपीएल 2026 का सबसे यादगार मुकाबला खेला गया। शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटन्स (GT) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को उनके घर में 1 रन के मामूली अंतर से हराकर पॉइंट्स टेबल में अपनी जीत का खाता खोल लिया है। एक समय मैच पूरी तरह दिल्ली की मुट्ठी में था, लेकिन आखिरी दो गेंदों पर हुए ड्रामे ने प्रशंसकों की सांसें थाम दीं।

मिलर की ‘ना’ और गिल की चालाकी दिल्ली को आखिरी 2 गेंदों पर जीत के लिए महज 2 रनों की दरकार थी। स्ट्राइक पर अनुभवी डेविड मिलर थे। प्रसिद्ध कृष्णा की 5वीं गेंद पर मिलर ने एक बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की लेकिन चूक गए, इसके बावजूद उनके पास सिंगल लेने और मैच टाई (सुपर ओवर) करने का मौका था। मगर मिलर ने नॉन-स्ट्राइकर कुलदीप यादव को वापस भेज दिया और सिंगल लेने से मना कर दिया।

यही वह पल था जहां गुजरात टाइटन्स को वापसी का मौका मिला। मैच के बाद गिल ने बताया, “जब मिलर ने सिंगल नहीं लिया, तो मुझे लगा कि हमारे पास जीतने का मौका है। हमने लंबी बातचीत की कि आखिरी गेंद यॉर्कर फेंकनी है या स्लोअर।”

सीक्रेट बातचीत और आखिरी गेंद का रोमांच आखिरी गेंद फेंकने से पहले कप्तान गिल और गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा के बीच काफी देर तक चर्चा हुई। गिल ने खुलासा किया कि विकेट की स्थिति को देखते हुए उन्होंने ‘स्लोअर बॉल’ फेंकने का रिस्क लिया। कृष्णा ने वैसा ही किया; उन्होंने एक सटीक स्लोअर गेंद डाली जिसे मिलर पूरी तरह बीट हो गए।

बाय (Bye) रन लेने की कोशिश में कुलदीप यादव क्रीज से काफी बाहर निकल आए, लेकिन विकेटकीपर जोस बटलर की मुस्तैदी और उनके सटीक ‘डायरेक्ट हिट’ ने कुलदीप को रन-आउट कर दिया। इस तरह दिल्ली की टीम 210 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 209 रन ही बना सकी।

गिल पर लगा 12 लाख का जुर्माना जीत की खुशी के बीच शुभमन गिल के लिए एक बुरी खबर भी आई। धीमी ओवर गति (Slow Over Rate) के कारण उन पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इस सीजन में गुजरात टाइटन्स की यह पहली गलती थी, इसलिए केवल कप्तान पर ही जुर्माना लगाया गया है।

Share This Article
Leave a Comment