मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 8 अप्रैल को प्रस्तावित टोडाभीम क्षेत्र के नांगल शेरपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने मंगलवार को आयोजन स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्रभारी मंत्री ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, हेलीपैड और जनसभा स्थल पर की जा रही तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने आयोजन स्थल पर बैरिकेडिंग, मंच व्यवस्था और पार्किंग स्थलों की गहन जांच करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल, छाया और अन्य मूलभूत सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस दौरान जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा, पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रभारी मंत्री को अब तक की तैयारियों की प्रगति से अवगत कराया।
किसान सम्मेलन को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद
जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने बताया कि मुख्यमंत्री का यह दौरा नांगल शेरपुर, तहसील बालघाट में आयोजित किसान सम्मेलन यात्रा कार्यक्रम के अंतर्गत होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर 12:30 बजे नांगल शेरपुर पहुंचेगा।
ड्यूटी मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़

कार्यक्रम के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने विभिन्न स्थानों पर अधिकारियों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है।
उन्होंने निर्देश दिए हैं कि सभी नियुक्त अधिकारी बुधवार सुबह 8 बजे तक अपने-अपने निर्धारित ड्यूटी पॉइंट्स पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दें।
हर व्यवस्था के लिए अलग जिम्मेदारी तय
प्रशासन द्वारा हेलीपैड स्थल, मुख्य सभा स्थल, मंच, वीआईपी पार्किंग और रूट व्यवस्था के लिए अलग-अलग अधिकारियों को तैनात किया गया है। सभी अधिकारी कार्यक्रम की समाप्ति तक अपने-अपने स्थानों पर मुस्तैद रहेंगे।
साथ ही, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट को समग्र प्रभारी नियुक्त किया गया है, जिन्हें किसी भी महत्वपूर्ण घटना की सूचना तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी।
समन्वय और प्रोटोकॉल पालन पर जोर
जिला कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रोटोकॉल के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय सीमा में पूर्ण करें। प्रशासन का उद्देश्य मुख्यमंत्री का दौरा सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाना है।
