चित्तौड़गढ़, जिले में अवैध हथकड़ शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार, 15 जनवरी को मंडफिया थाना पुलिस और जिला आबकारी विभाग ने संयुक्त रूप से अब तक की सबसे बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। पुलिस ने तरजेला गांव में दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध शराब और उसे बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।
तरजेला गांव के खेतों में चल रही थीं अवैध भट्टियां
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन में एक विशाल संयुक्त टीम का गठन किया गया था। टीम ने गुरुवार तड़के मंडफिया थाना क्षेत्र के गांव तरजेला में अलग-अलग खेतों और ठिकानों पर अचानक दबिश दी। इस दौरान पुलिस को मौके पर 01 चालू भट्टी और 08 पुरानी भट्टियां मिलीं, जिन्हें तुरंत नष्ट कर दिया गया।
10 हजार लीटर वॉश और अवैध शराब जब्त
कार्यवाही के दौरान पुलिस ने मौके पर मौजूद करीब 10,000 लीटर वॉश (शराब बनाने का कच्चा माल) को नष्ट किया। साथ ही अलग-अलग ठिकानों से 55 बोतल अवैध देशी हथकड़ शराब और आरएमएल केम्पा क्लासिक विस्की के 48 पव्वे जब्त किए गए। पुलिस ने इस मामले में कुल 05 अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं और आरोपियों की तलाश में अनुसंधान जारी है।
इन अधिकारियों के नेतृत्व में हुई कार्यवाही
इस बड़ी कार्यवाही में डीवाईएसपी भदेसर विनोद लखारा और डीवाईएसपी बड़ीसादड़ी देशराज कुलदीप के सुपरविजन में भारी पुलिस जाब्ता मौजूद रहा। टीम में मंडफिया थानाधिकारी रविन्द्र सेन, बड़ीसादड़ी थानाधिकारी भवानी शंकर, डूंगला थानाधिकारी शैतान सिंह, मंगलवाड़ थानाधिकारी भगवानलाल, भदेसर थानाधिकारी विनोद मेनारिया और निकुंभ थानाधिकारी रामसिंह सहित आबकारी विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही।
