चित्तौड़गढ़: 5 साल से फरार और 5 हजार का इनामी तस्कर गिरफ्तार, गुजरात के बड़ौदा से दबोचा

चित्तौड़गढ़, राशमी थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पिछले पांच साल से फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी अपराधी को गुजरात के बड़ौदा से गिरफ्तार किया है। यह आरोपी अफीम डोडा चूरा की बड़ी खेप की तस्करी के मामले में लंबे समय से वांछित था।

376 किलो डोडा चूरा मामले में था मुख्य आरोपी

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि वर्ष 2021 में थाना राशमी में 3 क्विंटल 76 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद किया गया था। इस मामले का मुख्य अभियुक्त रोशन लाल जाट (निवासी रेवाड़ा, थाना राशमी) पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

तकनीकी और मनोवैज्ञानिक तरीके से मिली सफलता

एएसपी सरिता सिंह और डीवाईएसपी गंगरार शिवन्या सिंह के निर्देशन में थानाधिकारी रतन सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर तंत्र, साइबर सेल की तकनीकी मदद और मनोवैज्ञानिक तरीकों का इस्तेमाल करते हुए आरोपी का पीछा किया। आखिरकार, साइबर सेल की लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने गुजरात के बड़ौदा से आरोपी रोशन लाल को डिटेन किया और राशमी लेकर आई।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

आरोपी को पकड़ने वाली टीम में थानाधिकारी रतन सिंह, हेड कांस्टेबल मुस्ताक खां, कांस्टेबल रमेश, नानू लाल, दुर्गेश, गणपत सिंह और छोगा लाल शामिल थे। वहीं, साइबर सेल से हेड कांस्टेबल राजकुमार और कांस्टेबल रामनरेश की तकनीकी भूमिका महत्वपूर्ण रही।

वर्तमान में आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है और मामले में गहन अनुसंधान किया जा रहा है।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!