अलवर टाइगर इंटरनेशनल हाफ मैराथन 2026: 8 देशों के 18,000 धावकों ने भरी हुंकार, CM भजनलाल शर्मा ने दिया ‘फिट इंडिया’ का मंत्र

अलवर: राजस्थान के अलवर में आज, 8 फरवरी 2026 की सुबह एक ऐतिहासिक नजारा देखने को मिला। ‘स्वस्थ शरीर, सशक्त भारत’ के संकल्प के साथ ‘अलवर टाइगर इंटरनेशनल हाफ मैराथन 2026’ का भव्य आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने सुबह करीब 6:30 बजे प्रताप ऑडिटोरियम के सामने से मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और फिल्म अभिनेता व ब्रांड एंबेसडर रणदीप हुड्डा भी मौजूद रहे।

8 देशों के 18,600 धावक शामिल

इस अंतरराष्ट्रीय मैराथन में भारत सहित केन्या, नीदरलैंड और दक्षिण अफ्रीका जैसे 8 देशों के 18,600 से अधिक धावकों ने हिस्सा लिया। मैराथन को 21 किमी, 10 किमी, 5 किमी और 2 किमी (पैरा खिलाड़ियों के लिए) जैसी कुल 8 श्रेणियों में आयोजित किया गया। विजेताओं के लिए कुल 90 लाख 37 हजार 500 रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है, जिसमें सबसे बड़ा इनाम लगभग 6.78 लाख रुपये (7500 डॉलर) है।

मुख्यमंत्री ने दिया ‘फिट इंडिया’ का संदेश

मैराथन को फ्लैग-ऑफ करने के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ विजन को साकार करने की एक मजबूत कड़ी है। उन्होंने कहा कि देश-विदेश के धावकों का यह जोश दर्शाता है कि राजस्थान अब स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ वैश्विक मंच पर आगे बढ़ रहा है।

एकता और पर्यावरण का उत्सव

केंद्रीय मंत्री और अलवर सांसद भूपेंद्र यादव ने इस आयोजन को समाज की एकता और भाईचारे का उत्सव बताया। उन्होंने कहा कि यहाँ कोई भेदभाव नहीं है, लोग केवल फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के संदेश के साथ दौड़ रहे हैं। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने भी अंतरराष्ट्रीय एथलीट्स की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन पूरे राजस्थान में होने चाहिए ताकि फिटनेस और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़े।

सरिस्का और बाघ संरक्षण पर फोकस

मैराथन का उद्देश्य न केवल फिटनेस था, बल्कि सरिस्का टाइगर रिजर्व और वन्यजीव संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना भी रहा। आयोजन के दौरान देश के 58 टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर्स ने भी शिरकत की, जो इस इवेंट की गंभीरता और व्यापकता को दर्शाता है।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!