जयपुर: राजस्थान के बहुचर्चित जल जीवन मिशन (JJM) घोटाले की जांच कर रही भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम गुरुवार को बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के पनवेल स्थित फार्म हाउस पहुंची। एसीबी को पुख्ता सूचना मिली थी कि घोटाले के मुख्य आरोपी और पूर्व अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) सुबोध अग्रवाल वहां छिपे हो सकते हैं। हालांकि, घंटों चली तलाशी के बाद भी आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला।
स्कूल कनेक्शन ने बढ़ाई हलचल
सूत्रों के मुताबिक, एसीबी ने इस इनपुट को इसलिए गंभीरता से लिया क्योंकि सलमान खान और सुबोध अग्रवाल ग्वालियर के एक ख्यातनाम स्कूल में सहपाठी (Classmates) रहे हैं। इसी पुराने संबंध के आधार पर अंदेशा जताया गया था कि फरारी के दौरान सुबोध अग्रवाल को वहां पनाह मिल सकती है। एसीबी की टीम ने डिप्टी एसपी प्रेमचंद के नेतृत्व में मुंबई पुलिस के आला अधिकारियों के साथ फार्म हाउस में सघन पड़ताल की, लेकिन सुबोध अग्रवाल वहां मौजूद नहीं मिले।
188 ठिकानों पर दबिश, 10 अफसर गिरफ्तार
जेजेएम घोटाले में सुबोध अग्रवाल 17 फरवरी से लगातार फरार चल रहे हैं। एसीबी अब तक उनकी तलाश में 4 राज्यों के 188 ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है। गौरतलब है कि इस घोटाले में पीएचईडी (PHED) के 10 अधिकारियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच एजेंसी अब तक करीब 150 लोगों से पूछताछ कर चुकी है।
परिजनों पर बढ़ी निगरानी, बेटे को नोटिस
आरोपी सुबोध अग्रवाल को पनाह देने वालों के खिलाफ भी एसीबी ने सख्त रुख अपना लिया है। उनके बेटे शुभ अग्रवाल, जो मुंबई में आईआरएस (IRS) अधिकारी के रूप में तैनात हैं, को नोटिस जारी किया गया है। इसके अलावा, नोएडा के एक पॉश इलाके में स्थित फार्म हाउस की भी तलाशी ली गई है, जहां सुबोध अग्रवाल के रुकने के पुख्ता प्रमाण मिले हैं। एसीबी ने उनके परिवार के सदस्यों सहित 30 ऐसे लोगों को चिन्हित किया है, जिनके सुबोध अग्रवाल से संपर्क करने की संभावना है।
