राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) में चल रही विधिक उलझनों और चुनाव टलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सहकारिता विभाग के रजिस्ट्रार ने आरसीए में ‘विधिक शून्यता’ (Legal Vacuum) की स्थिति को रोकने के लिए बड़ा फैसला लेते हुए तदर्थ कार्यकारी समिति (Ad-hoc Committee) का कार्यकाल तीन माह के लिए और बढ़ा दिया है।
विधिक शून्यता से बचने का हवाला
रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां डॉ. समित शर्मा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पूर्व में नियुक्त तदर्थ कार्यकारी समिति द्वारा अपरिहार्य कारणों से निर्धारित समय सीमा में चुनाव नहीं कराए जा सके। चूंकि समिति का समय विस्तार नहीं किए जाने से एसोसिएशन में कानूनी संकट खड़ा हो सकता था, इसलिए राजस्थान क्रीड़ा (संगमों का रजिस्ट्रीकरण, मान्यता और विनियमन) अधिनियम, 2005 की धारा 24(1) के तहत शक्तियों का प्रयोग करते हुए इस कार्यकाल को बढ़ाया जाना उचित समझा गया है।

मोहित यादव को कमान, जोधपुर का दबदबा
नई एड-हॉक कमेटी में मोहित यादव (अध्यक्ष, जिला क्रिकेट एसोसिएशन, अलवर) को फिर से संयोजक (Coordinator) नियुक्त किया गया है। समिति में अन्य सदस्यों के रूप में जोधपुर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष धनंजय सिंह और सचिव अरिष्ट सिंघवी को शामिल किया गया है। इसके अलावा सीकर के आशीष तिवारी और हनुमानगढ़ के अर्जुन बेनीवाल को सदस्य के तौर पर जिम्मेदारी दी गई है।
नई 5 सदस्यीय एड-हॉक कमेटी की संरचना:
- संयोजक: मोहित यादव (अलवर)
- सदस्य: धनंजय सिंह (जोधपुर)
- सदस्य: अरिष्ट सिंघवी (जोधपुर)
- सदस्य: आशीष तिवारी (सीकर)
- सदस्य: अर्जुन बेनीवाल (हनुमानगढ़)
3 महीने की सख्त डेडलाइन
रजिस्ट्रार ने अपने आदेश में स्पष्ट रूप से निर्देशित किया है कि नवनियुक्त तदर्थ कार्यकारी समिति को आगामी तीन माह के भीतर-भीतर आरसीए के उपनियमों के अनुसार निर्वाचन की प्रक्रिया संपन्न करानी होगी। गौरतलब है कि आरसीए में लंबे समय से निर्वाचित कार्यकारिणी का अभाव है और प्रशासन एड-हॉक कमेटियों के जरिए ही चलाया जा रहा है। खेल प्रेमियों की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि क्या यह नई समिति तय समय में चुनाव करा पाएगी या विस्तार का यह दौर आगे भी जारी रहेगा।
