करौली, राजस्थान के करौली जिले में प्रशासन ने 2 अप्रैल 2022 को हुए साम्प्रदायिक दंगे के मुख्य आरोपी और ‘सट्टा किंग’ के नाम से चर्चित अमीनुद्दीन उर्फ अमीन खान के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार किया है। मंगलवार को प्रशासन ने शहर के अम्बेडकर सर्किल (भट्टा) स्थित अमीनुद्दीन की अवैध होटल को ध्वस्त करने की बड़ी कार्रवाई शुरू की। हालांकि, अंधेरा होने के कारण शाम को काम रोकना पड़ा, जिसे अब बुधवार सुबह दोबारा शुरू किया जाएगा।
प्रशासन और पुलिस की कड़ी घेराबंदी
ध्वस्तीकरण की यह कार्रवाई नगर परिषद आयुक्त और SDM प्रेमराज मीना के नेतृत्व में की जा रही है। सुरक्षा की दृष्टि से पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। DM नीलाभ सक्सेना और SP लोकेश सोनवाल खुद पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए शहर के विभिन्न चौराहों और संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है।
जेसीबी और एलएनटी से ढहाया जा रहा अवैध निर्माण
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यह होटल बिना अनुमति और नियमों को ताक पर रखकर बनाया गया था। नगर परिषद द्वारा पट्टा निरस्त किए जाने के बाद मंगलवार सुबह जेसीबी (JCB) और एलएनटी (LNT) मशीनों के साथ टीम मौके पर पहुंची और अवैध हिस्से को गिराना शुरू किया।
