पर्यावरण संरक्षण और बिजली बचत के उद्देश्य से पूरे विश्व की तरह राजस्थान में भी इस साल ‘अर्थ आवर’ (Earth Hour) प्रमुखता से मनाया जाएगा। राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (RRVPNL) ने इस संदर्भ में एक आधिकारिक परिपत्र (सर्कुलर) जारी किया है। इस आदेश के अनुसार, 28 मार्च 2026 को रात 8:30 बजे से 9:30 बजे तक निगम के सभी भवनों में अनावश्यक लाइटें बंद रखी जाएंगी।
RRVPNL ने जारी किए सख्त निर्देश
निगम की सचिव (प्रशासन) अलका मीणा द्वारा 23 मार्च 2026 को जारी इस परिपत्र में सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं। आदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि सभी अधिकारी अपने कार्य क्षेत्र में पड़ने वाले निगम के समस्त भवनों की अनावश्यक लाइटें तय समय (रात 8.30 से 9.30 बजे तक) बंद रखना सुनिश्चित करें, ताकि ऊर्जा की बचत की जा सके।
मार्च के अंतिम शनिवार को होता है अर्थ आवर
जारी परिपत्र में बताया गया है कि ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रतिवर्ष मार्च महीने के अंतिम शनिवार को ‘अर्थ आवर’ मनाया जाता है। इस वर्ष मार्च का अंतिम शनिवार 28 मार्च को पड़ रहा है। इस दौरान 1 घंटे के लिए लाइटें बंद (Lights Off) रखकर ऊर्जा बचत और जलवायु परिवर्तन (Climate Change) के प्रति सकारात्मक संदेश दिया जाता है।
सभी जिलों को भेजी गई आदेश की कॉपी
इस आदेश की प्रतिलिपि (Copy) जयपुर, अजमेर और जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड सहित राज्य के सभी जोनल मुख्य अभियंताओं (T&C), मुख्य लेखा नियंत्रक और अन्य संबंधित आला अधिकारियों को भेज दी गई है। उप सचिव (जी.ए.डी.) उपेंद्र कुमार शर्मा ने भी इस परिपत्र को विभाग की वेबसाइट पर अपलोड करने और इसकी शत-प्रतिशत पालना सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
