राजाखेड़ा: जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों से हमले में युवक गंभीर घायल

राजाखेड़ा, धौलपुर जिले के राजाखेड़ा उपखंड अंतर्गत सिलावट गांव में गुरुवार को दो पक्षों के बीच जमीनी विवाद को लेकर हिंसक झड़प हो गई। पुरानी कहासुनी के बाद शुरू हुई मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हिसाब करने जा रहे युवक पर किया हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित विजयभान पुत्र अतर सिंह निवासी सिलावट ने बताया कि वह गुरुवार सुबह गांव में ही किसी काम से पैसों का हिसाब करने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में दूसरे पक्ष के रामलखन और उसके साथियों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने विजयभान पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

अस्पताल में कराया गया भर्ती

इस हमले में विजयभान के हाथ और होंठ पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और परिजन घायल को तुरंत शहीद राघवेंद्र सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), राजाखेड़ा लेकर पहुंचे। वहां मौजूद चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया।

जमीनी विवाद बना घटना का कारण

प्रारंभिक सूचना के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। आज की मारपीट को भी उसी रंजिश का परिणाम माना जा रहा है। फिलहाल घायल के परिजनों द्वारा पुलिस को सूचना दी जा रही है। पुलिस रिपोर्ट मिलने के बाद मामले की जांच शुरू करेगी।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!