इंडिया स्टोन मार्ट 2026: जालौर के ग्रेनाइट ने कर्तव्य पथ तक बनाई पहचान, मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने की सराहना

जयपुर, राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने ‘इंडिया स्टोन मार्ट 2026’ का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन की भव्यता और पत्थर उद्योग के लिए इसकी उपयोगिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से राजस्थान के गौरवशाली पत्थर उद्योग को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नया और बड़ा एक्सपोज़र मिल रहा है।

कर्तव्य पथ की शोभा बढ़ा रहा है जालौर का ग्रेनाइट अपने संबोधन में श्री गर्ग ने विशेष रूप से जालौर के ग्रेनाइट का जिक्र किया। उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि वह स्वयं जालौर क्षेत्र से आते हैं और आज वहां का ग्रेनाइट देश की सबसे प्रतिष्ठित परियोजनाओं का हिस्सा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि दिल्ली का ऐतिहासिक ‘कर्तव्य पथ’ भी जालौर के ग्रेनाइट से सुसज्जित है, जो राजस्थान के पत्थर की गुणवत्ता और विश्वसनीयता का प्रमाण है।

लघु उद्योग भारती के प्रयासों को सराहा मुख्य सचेतक ने बताया कि वह पूर्व में भी कई स्टोन मार्ट कार्यक्रमों में सम्मिलित हुए हैं, लेकिन भारतीय लघु उद्योग भारती के तत्वावधान में आयोजित यह संस्करण अत्यंत शानदार और सुव्यवस्थित है। उन्होंने कहा कि यह स्टोन मार्ट न केवल प्रदर्शनी मात्र है, बल्कि उद्यमियों के लिए व्यापार के नए अवसर खोलने वाला एक प्रभावी मंच साबित हो रहा है।

आयोजकों को दी शुभकामनाएँ जोगेश्वर गर्ग ने सफल और अनुशासित आयोजन के लिए भारतीय लघु उद्योग भारती की पूरी टीम को धन्यवाद दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के आयोजनों से प्रदेश के सूक्ष्म और लघु पत्थर उद्यमियों को तकनीक और बाजार के क्षेत्र में बड़ी बढ़त मिलेगी।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!