जयपुर: आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस-पब्लिक कनेक्ट को मजबूत करने की दिशा में जयपुर पुलिस ने शनिवार को एक बड़ी पहल की। पुलिस आयुक्त (Police Commissioner) सचिन मित्तल ने खुद झोटवाड़ा एसीपी कार्यालय में मोर्चा संभालते हुए जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने न केवल फरियादियों की समस्याएं सुनीं, बल्कि कई पेचीदा मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर लोगों को बड़ी राहत दी।
100 परिवादी पहुंचे, इन मामलों पर हुई तुरंत कार्रवाई जनसुनवाई में झोटवाड़ा, करधनी, कालवाड़ और मुरलीपुरा समेत आसपास के इलाकों से करीब 100 परिवादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। पुलिस आयुक्त के सामने मुख्य रूप से जमीन और मकानों पर अवैध कब्जे, आपसी और पारिवारिक विवाद, मारपीट तथा चोरी से जुड़े मामले आए।

कमिश्नर सचिन मित्तल ने सभी मामलों को गंभीरता से सुना। जिन मामलों में तत्काल समाधान संभव था, उनमें संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जिससे कई परिवादियों को तुरंत राहत मिली। अन्य गंभीर मामलों के लिए उन्होंने अधिकारियों को एक निश्चित समयसीमा में जांच पूरी कर रिपोर्ट देने के कड़े निर्देश दिए।
‘बीट सूचना पट्ट’ योजना का शुभारंभ: अब पुलिस तक पहुंच होगी आसान इस जनसुनवाई का एक और प्रमुख आकर्षण ‘बीट सूचना पट्ट’ (Beat Suchna Patt) योजना का शुभारंभ रहा। पुलिस आयुक्त ने झोटवाड़ा सर्किल में इस नई पहल की शुरुआत की।
- क्या है योजना: इसके तहत झोटवाड़ा क्षेत्र में लगभग 1000 स्थानों पर सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे।
- क्या होगा फायदा: इन बोर्डों पर संबंधित इलाके के बीट अधिकारी (Beat Officer) का नाम, मोबाइल नंबर और जिम्मेदारी क्षेत्र की जानकारी साफ अक्षरों में लिखी होगी। इससे आम जनता को छोटी-मोटी समस्याओं या सूचना देने के लिए सीधे अपने बीट ऑफिसर से संपर्क करने में आसानी होगी, जिससे पुलिस-जन सहयोग मजबूत होगा।
‘थाना स्तर पर रोजाना हो रही सुनवाई’ पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि लोगों को न्याय के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए अब थाना स्तर पर भी प्रतिदिन जनसुनवाई की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर शिकायत पर तुरंत रिस्पॉन्स दें और किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में विशेष पुलिस आयुक्त (ऑपरेशंस) राहुल प्रकाश, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रथम मनीष अग्रवाल, पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) हनुमान प्रसाद मीणा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
