राजस्थान में प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ नगर निगम, जयपुर ने अब तक की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक कार्रवाई को अंजाम दिया है. जयपुर नगर निगम के चालान प्रकोष्ठ (स्वास्थ्य शाखा) और राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल की संयुक्त टीम ने जयपुर के सरना डूंगरी स्थित एक फैक्ट्री में छापा मारकर बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त की है.
महा-छापा: सरना डूंगरी में 9000 किलो प्लास्टिक जब्त
नगर निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में सरना डूंगरी स्थित फैक्ट्री से करीब 9000 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त की गई है. फैक्ट्री में सिंगल यूज़ प्लास्टिक और प्लास्टिक कैरी बैग का अवैध भंडारण व विक्रय पाया गया था, जिसके बाद नगर निगम और प्रदूषण नियंत्रण मंडल की संयुक्त टीम ने फैक्ट्री पर महा-छापा मारा. संयुक्त अभियान में संबंधित व्यापारियों से ₹1 लाख का जुर्माना भी वसूला गया है.

अधिकारियों का नेतृत्व और सख्त रुख
यह महा-अभियान नगर निगम के उपायुक्त (स्वास्थ्य) श्री मृणाल कुमार के नेतृत्व में गठित चालान प्रकोष्ठ टीम द्वारा चलाया गया. मृणाल कुमार ने बताया कि प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग, भंडारण और बिक्री पूर्णतः निषिद्ध है, इसके बावजूद कुछ व्यापारी नियमों की अनदेखी कर रहे हैं. ऐसे मामलों में नगर निगम की ओर से भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. गौरतलब है कि इससे पूर्व भी नगर निगम द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक पर बड़ी कार्रवाईयां की गई हैं.
आयुक्त की अपील और कड़ी चेतावनी
नगर निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी ने शहरवासियों और व्यापारियों से विशेष अपील की है कि वे सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग न करें और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग दें. उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि नियमों की अनदेखी जारी रही, तो भविष्य में और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी. नगर निगम का उद्देश्य शहर को स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाना है.
