जयपुर JDA का बड़ा एक्शन: ‘संपर्क पोर्टल’ की 32 शिकायतों को किया अनसुना, XEN विजय कुमार कार्यमुक्त

जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) में जनता की शिकायतों की अनदेखी करना एक वरिष्ठ अधिकारी को महंगा पड़ गया है। संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का निस्तारण करने की बजाय उन्हें इधर-उधर टरकाने के मामले में जेडीए ने अधिशाषी अभियंता (XEN) विजय कुमार को कार्यमुक्त (Relieve) कर उनके मूल विभाग में भेज दिया है। जेडीए ने उनके खिलाफ निलंबन का प्रस्ताव भी तैयार किया है, जिस पर अब नगरीय विकास विभाग (UDH) अंतिम निर्णय लेगा।

32 शिकायतों के बाद भी नहीं जली लाइट

पूरा मामला कालवाड़ रोड क्षेत्र में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, एक सजग नागरिक ने राजस्थान संपर्क पोर्टल (181) पर लाइट बंद होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। एक बार नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता ने 32 बार शिकायत दर्ज करवाई, लेकिन अधिशाषी अभियंता विजय कुमार समस्या का समाधान करने के बजाय मामले को घुमाते रहे।

उच्चाधिकारियों का सख्त रुख

जब 32 शिकायतों के बावजूद निस्तारण नहीं होने का मामला जेडीए के उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आया, तो उन्होंने इसे बेहद गंभीरता से लिया। उच्चाधिकारियों ने तुरंत जेडीए प्रशासन को अभियंता के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। जेडीए के अतिरिक्त प्रशासन आयुक्त ने मामले की जांच के बाद विजय कुमार को जेडीए से तुरंत कार्यमुक्त करने के आदेश जारी कर दिए।

निलंबन का प्रस्ताव तैयार

चूंकि विजय कुमार यूडीएच (UDH) सेवा के अधिकारी हैं और प्रतिनियुक्ति पर जेडीए में कार्यरत थे, इसलिए जेडीए उन्हें सीधे निलंबित नहीं कर सकता था। इसके समाधान के लिए जेडीए ने उन्हें उनके मूल विभाग (UDH) के लिए रिलीव कर दिया है और साथ ही निलंबन का प्रस्ताव भी भेज दिया है। अब यूडीएच विभाग उन पर आधिकारिक निलंबन की कार्रवाई करेगा।

यह कार्रवाई जयपुर में उन अधिकारियों के लिए एक कड़ा संदेश है जो सरकारी पोर्टल और मुख्यमंत्री के ‘सुशासन’ के विजन को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। जेडीए प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनहित के कार्यों में कोताही और पोर्टल की शिकायतों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment