सड़क किनारे पुलिस की गाड़ी के बोनट पर कटा केक… टूटने से बचे एक रिश्ते ने इस तरह चुकाया महिला इंस्पेक्टर का ‘कर्ज’!

जयपुर। भागदौड़ और सख्त पहरे के बीच पुलिस की जिंदगी अक्सर भावनाओं से दूर मानी जाती है, लेकिन राजस्थान विश्वविद्यालय के पास सड़क किनारे एक ऐसा दृश्य दिखा जिसने हर किसी का दिल छू लिया। पुलिस की गाड़ी के बोनट पर एक छोटा सा केक रखा गया और आस-पास वर्दीधारी जवानों के साथ कुछ आम लोग मुस्कुराते नजर आए। यह कोई आम जश्न नहीं, बल्कि ड्यूटी पर मुस्तैद महिला इंस्पेक्टर गुंजन सोनी का जन्मदिन मनाने का एक बेहद खास और भावुक तरीका था।

हैरानी की बात यह रही कि यह केक किसी रिश्तेदार या साथी पुलिसकर्मी ने नहीं, बल्कि एक ऐसे दंपती ने मंगवाया था जिनकी जिंदगी कभी बिखरने की कगार पर खड़ी थी। अलवर में अपनी पिछली पोस्टिंग के दौरान इंस्पेक्टर गुंजन ने इस दंपती के रिश्ते में आई गहरी दरार को अपनी संवेदनशीलता और समझाइश से भर दिया था। गलतफहमियों के उस दौर में उनके प्रयास से एक टूटते घर को फिर से बसने का मौका मिला।

शायद वही पल उस परिवार के जीवन का सबसे बड़ा मोड़ बन गया। उसी दिन से अपना आभार जताने के लिए वे हर साल बिना भूले गुंजन सोनी के जन्मदिन पर केक लेकर पहुंचते हैं। इस बार भी जब इंस्पेक्टर अपनी ड्यूटी पर तैनात थीं, तो यह दंपती वहीं पहुंच गया और सड़क किनारे सादगी से यह जन्मदिन मनाया गया। यह पल इस बात का गवाह बन गया कि खाकी वर्दी के पीछे भी एक संवेदनशील दिल धड़कता है और एक पुलिस अधिकारी की असली कमाई वही होती है, जो लोगों के दिलों में जगह बनाकर मिलती है।

Share This Article
Leave a Comment