केंद्र की योजनाओं पर सीएम भजनलाल का ‘डेडलाइन’ अलर्ट: बोले- समय पर करें फंड का इस्तेमाल, लाभार्थियों तक पहुंच की हो निरंतर मॉनिटरिंग

जयपुर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य में केंद्र सरकार द्वारा सहायता प्राप्त योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। गुरुवार को मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्रीय योजनाओं के तहत मिलने वाली वित्तीय सहायता का उपयोग निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि समय पर बजट खर्च होगा, तभी केंद्र से अगली किश्त का हस्तांतरण सुचारू रूप से हो सकेगा।

विकास के लिए योजनाओं का क्रियान्वयन जरूरी:

मुख्यमंत्री ने बैठक में रेखांकित किया कि ये योजनाएं राज्य के सर्वांगीण विकास का आधार हैं। स्वास्थ्य (NHM), शिक्षा, कृषि, ग्रामीण विकास और पंचायती राज जैसे विभागों में चल रही इन योजनाओं का सीधा लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति, विशेषकर महिलाओं, युवाओं और किसानों को मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जमीनी स्तर पर लाभार्थियों तक पहुंच और वित्तीय प्रगति की निरंतर मॉनिटरिंग करें।

फंड प्राप्त करने के प्रयासों में लाएं तेजी:

मुख्यमंत्री ने विभागीय सचिवों को आदेश दिया कि जो राशियां केंद्र स्तर पर लंबित हैं, उन्हें जारी करवाने के प्रयासों में तेजी लाई जाए। बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय, कृषि और बाल विकास सेवाओं जैसे महत्वपूर्ण विभागों की प्रगति रिपोर्ट पेश की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की वित्तीय देरी विकास कार्यों में बाधा नहीं बननी चाहिए। बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment