जैसलमेर के तनोट बॉर्डर पर गूँजा ‘घर कब आओगे’: सनी देओल ने लॉन्च किया ‘बॉर्डर-2’ का पहला गाना, बोले- “आवाज लाहौर तक जानी चाहिए”

जैसलमेर, भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित ऐतिहासिक तनोट माता मंदिर के आंगन में शनिवार को देशभक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। बॉलीवुड सुपरस्टार सनी देओल ने बीएसएफ (BSF) जवानों के बीच अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बॉर्डर 2’ का पहला गाना ‘घर कब आओगे’ आधिकारिक रूप से लॉन्च किया। तनोट माता मंदिर के सामने स्थित ऑडिटोरियम में आतिशबाजी और नारों के बीच इस भावनात्मक गीत की लॉन्चिंग की गई।

केसरिया बालम से लेकर ‘बॉर्डर’ की यादों तक

कार्यक्रम की शुरुआत राजस्थानी लोक कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुति ‘केसरिया बालम आओ नी पधारो म्हारे देश’ से हुई। इसके बाद जैसे ही ‘घर कब आओगे’ गाने की धुन बजी, वहां मौजूद जवानों और दर्शकों की आँखें नम हो गईं। लगभग 30 साल पुराने इस कालजयी गीत के नए संस्करण ने एक बार फिर 1997 की ‘बॉर्डर’ की यादें ताजा कर दीं।

सनी देओल ने पिता धर्मेंद्र को किया याद

मंच से संबोधन के दौरान सनी देओल काफी भावुक नजर आए। उन्होंने अपने पिता और दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र देओल को याद करते हुए कहा:

“जब मैंने एक्टिंग शुरू की थी, तब यही तय किया था कि पापा की तरह ही फिल्में करूँगा। मुझे इस बात का गर्व है कि मेरी फिल्मों को देखकर युवाओं में इतना आत्मविश्वास जागा कि उन्होंने देश सेवा के लिए सेना में भर्ती होने का फैसला किया।”

“आवाज लाहौर तक जानी चाहिए”

जोश से भरे सनी देओल ने जब जवानों के साथ ‘हिंदुस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाए, तो उन्होंने मुस्कराते हुए कहा कि आज हमारी खुशियों और इस गीत की गूँज इतनी जोरदार होनी चाहिए कि इसकी “आवाज लाहौर तक सुनाई दे।”

इस अवसर पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) के वरिष्ठ अधिकारी, जवान और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। फिल्म ‘बॉर्डर 2’ को लेकर दर्शकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है, विशेषकर इस गीत के लॉन्च के बाद सोशल मीडिया पर भी यह ट्रेंड करने लगा है।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!