बांसवाड़ा ACB की बड़ी कार्रवाई: रिश्वत लेते हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल रंगे हाथों गिरफ्तार, वाहन छुड़वाने के बदले मांगे थे पैसे

बांसवाड़ा, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की बांसवाड़ा इकाई ने शनिवार को पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई करते हुए पाटन थाने की छोटी सरवा पुलिस चौकी के एक हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल को 2,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

क्या है पूरा मामला?

ACB को मिली शिकायत के अनुसार, परिवादी के एक परिचित का कुछ लोगों के साथ विवाद हो गया था, जिसमें परिवादी के निजी वाहन को नुकसान पहुँचाया गया था। यह वाहन पाटन थाने में खड़ा था। इस मामले की जांच छोटी सरवा चौकी के हेड कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह (नंबर 664) के पास थी।

आरोप है कि सुरेंद्र सिंह ने परिवादी को उसके वाहन के नुकसान की उचित राशि दिलाने और वाहन सुपुर्दगी की फाइल तैयार करने के बदले अपने मुंशी जयपाल सिंह (कांस्टेबल नंबर 878) के लिए रिश्वत की मांग की।

जाल बिछाकर किया ट्रेप

शिकायत मिलने पर ACB ने 30 जनवरी को मांग का सत्यापन करवाया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। शनिवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीणा के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही कांस्टेबल जयपाल सिंह ने परिवादी से 2,000 रुपये लिए, टीम ने उसे दबोच लिया। मौके पर मौजूद हेड कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह की संलिप्तता पाए जाने पर उसे भी हिरासत में ले लिया गया है।

घरों की तलाशी और आगे की जांच जारी

ACB के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह और महानिरीक्षक राजेश सिंह के निर्देशन में कार्रवाई जारी है। ACB की टीम दोनों आरोपियों के निवास स्थान की भी तलाशी ले रही है। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे का अनुसंधान किया जा रहा है।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!