जयपुर: आगामी त्योहारों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों की अब खैर नहीं

जयपुर : होली, रमजान और नवरात्रि जैसे आगामी त्योहारों को देखते हुए जयपुर जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला शांति समिति की बैठक में स्पष्ट कर दिया है कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सोशल मीडिया पर रहेगी विशेष निगरानी जिला कलक्टर ने बैठक में सबसे ज्यादा जोर सोशल मीडिया की निगरानी पर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फेसबुक, व्हाट्सएप और अन्य प्लेटफॉर्म पर भ्रामक, अफवाह फैलाने वाले या साम्प्रदायिक तनाव भड़काने वाले पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही, धार्मिक और सामाजिक संगठनों से अपील की गई है कि वे आमजन को केवल सत्यापित खबरों पर भरोसा करने के लिए जागरूक करें।

संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी गश्त बैठक में आगामी त्योहारों—होली, रमजान, चेटीचंड, रामनवमी और ईद—के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को नाकाबंदी और गश्त सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं।

  • सभी थानों में सीएलजी (CLG) और शांति समिति की बैठकें नियमित होंगी।
  • संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात किया जाएगा।
  • मुख्य बाजारों, पर्यटन स्थलों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा बढ़ाई जाएगी।

सभी विभागों को समन्वय के निर्देश जिला कलक्टर ने पुलिस के अलावा नगर निगम, विद्युत विभाग, जलदाय विभाग और चिकित्सा विभाग को भी अलर्ट रहने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं में कोई बाधा नहीं आनी चाहिए ताकि आमजन को असुविधा न हो।

ये अधिकारी रहे मौजूद बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव पचार, यातायात उपायुक्त सुमित मेहरड़ा, डीसीपी वेस्ट हनुमान प्रसाद मीणा, डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा और एडीएम युगांतर शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment